[ad_1]

जींद, 22 मार्च (हि.स.)। गांव दरियावाला के ग्रामीणों ने शुक्रवार को मारपीट के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया और एसपी सुमित कुमार से मिले।
गांव वासी भीम सिंह, महेंद्र, सूरजमल, भूप सिंह, कृष्ण, सतवीर, रणधीर, संजय व जितेंद्र ने कहा कि नरवाना रोड पर तेज सिंह वेल्डिंग और उसका भाई भीम सिंह खल की दुकान चलाता है। आठ मार्च को तेज सिंह और उसका भाई शाम सात बजे दुकान बंद करके मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव दरियावाला जा रहे थे।
जब वह जुलानी फाटक से आगे निकले तो चार मोटरसाइकिल पर सवार 10-15 युवकों ने उनका रास्ता रोक कर दोनों भाइयों को काफी चोट मारी। इस मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जबकि घटना आसपास के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी। इसमें से कुछ के चेहरे भी पहचाने जा सकते हैं।
तेज सिंह ने कहा कि आरोपितों ने उसके भाई भीम सिंह से एक लाख दस हजार रुपये भी छीन लिए थे। 14 मार्च तक कोई कार्रवाई नहीं होने उपरांत परिजन गांव के मौजिज व्यक्तियों के साथ पुलिसकर्मियों से मिले थे और कार्रवाई की मांग की थी लेकिन दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद ग्रामीण रोष प्रकट करते हुए एसपी के पास पहुंचे। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि एसपी ने सीआईए को जांच सौंप कर जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुमन/संजीव