[ad_1]

जींद, 10 जनवरी (हि.स.)। इतनी ठंड में पुलिस के जवान जनता की सुरक्षा के लिए जिले में लगाए गए रात्रि नाकों पर ड्यूटी कर रहे हैं। मौसम को देखते हुए जींद पुलिस ने जवानों के लिए रात के समय गर्म दूध की व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि जिलेभर में सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग दिन रात ड्यूटी करता है। खासकर रात के समय होने वाली वारदात पर रोक लगाने के लिए पुलिसकर्मियों की रात के समय नाकों पर ड्यूटी भी लगी रहती है।
बरसात हो या ठंड जवान ड्यूटी पर मुस्तैद रहते हैं लेकिन बीते कुछ दिनों से चल रही शीतलहर और कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। ऐसे में रात के समय ड्यूटी करने वाले जवानों का हाल बेहाल है। जवान चाय व दूध की व्यवस्था से ठंड के बीच खुद में स्फूर्ति महसूस करते हैं। शहर जींद में रात्रि के समय पुलिस द्वारा 41 नाके लगाए जाते हैं, जिनमें प्रत्येक नाके पर पंच पुलिस कर्मचारियों के अलावा एक रायडर व पीसीआर की गाड़ी मौजूद रहती है। जिससे पुलिस का प्रत्येक जवान सप्ताह में एक दिन नाका डयूटी जरूर करता है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस वेलफेयर के तहत इसकी शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत टीएचसी अशोक कुमार के साथ एक टीम बना कर उनकी ड्यूटी इस कार्य के लिए लगाई गई है ताकि पुलिसकर्मी ठंड के बीच खुद को स्फूर्तिवान महसूस कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/सुमन/संजीव
[ad_2]
Source link