[ad_1]

जौनपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। मीरगंज थाना अंतर्गत मंगलवार को अदारी गांव में अधेड की मौत के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज लोगों ने शव रखकर बंधवा बाजार में गुरुवार को फिर चक्का जाम कर दिया। पुलिस के आश्वासन पर जाम समाप्त किया।
मंगलवार को अदारी गांव के प्रधान चन्दशेन गिरि और विसुन पाल के बीच पाइप विछाने को लेकर विवाद हो गया था। इसी बीच विसुन पाल की मौत हो गयी। विसुन पाल की पत्नी ने प्रधान और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया था जिस पर मंगलवार को ग्रामीणों ने बंधवा बाजार में डेढ़ घंटा सडक जाम किया था। बाद में पुलिस के मनाने पर ग्रामीण माने थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर प्रधान और उनके परिजनों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया था। मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे बीतने के बाद गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को फिर शव को सडक पर रखकर बंधवा बाजार में जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर मुगराबादशहपुर पंवारा मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गयी। ग्रामीण आरोपितों की गिरप्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस द्वारा जल्द गिरप्तारी का भरोसा देने के बाद ग्रामीण शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गये।
प्रभारी निरीक्षक देवानंद रजक का कहना है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। आज शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/दिलीप