[ad_1]

सहरसा/सुपौल,19 फरवरी (हि.स.)। जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के टेकुना पंचायत के वार्ड नंबर 12 से गुजरने वाली पनसाही नहर में सोमवार को डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी।
टेकुना पंचायत निवासी मृतका के दादा रामदेव दास ने बताया कि अपने घर से एक किलोमीटर पूरब पनसाही नहर के समीप अपने गेहूं के खेत में पानी पटवन के लिए आ रहे थे। उसी क्रम में उसके पुत्र जयप्रकाश दास की पुत्री 05 वर्षीया सृष्टि कुमारी और 03 वर्षीया रूपा कुमारी भी पीछे-पीछे खेत पर आ गयी।खेत पटवन के दौरान दोनों बच्ची खेलते खेलते नहर के समीप चली गयी। खेलने के क्रम में दोनों का पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में डूब गयी।दोनों को नहर पर नहीं देखा तो पटवन छोड़ नहर पर पहुंचकर दोनों बहनों को खोजने लगा। खोजने के क्रम में दोनों बहनें नहर के पानी में डूबी मिली है। इसे देख जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुन कर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी घटना स्थल पर पहुंच गये और शव को निकाला।
घटना की सूचना पर मृतका के पिता जयप्रकाश दास घटना स्थल पर पहुंचे, जिन्होंने अपने दोनों मासूम के शव को सीने से लगाया और फुट फुटकर रोने लगे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने घटना की पुष्टि की है।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा