[ad_1]

फतेहाबाद, 16 मार्च (हि.स.)। शहर में एक महिला वकील सहित दो लोगों के साथ बदमाशों ने छीना झपटी की है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार को शहर फतेहाबाद पुलिस को दी शिकायत में हिसार के गांव चूली बागड़ियान निवासी संदीप कुमार ने बताया कि उसके गांव के ही विनोद कुमार ने भूना-फतेहाबाद मेन सड़क बनाने का काम ले रखा है और वह साइट पर इंचार्ज का काम करता है। 15-16 मार्च की रात को वह लेबर इंचार्ज गिरीश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव धांगड़ के पास बने प्लांट से मजदूरों के लिए चाय लेकर आ रहा था। जैसे ही वह फतेहाबाद बाइपास पुराना पशु मेला ग्राउंड के पास पहुंचा, तो वहां तीन युवक आए जिनमें से दो युवकों ने अपने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। सुनसान एरिया देखकर वह घबरा गया और बाइक को वापस मोड़ने लगा, लेकिन बाइक बंद हो गई। इस पर तीनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और पैसे मांगे। जब उसने कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं, तो युवक जबरदस्ती उसकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। इस मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने केस दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी ओर मिनी बाइपास पर बाइक सवार युवक द्वारा महिला वकील से उसका बैग छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। इस बारे में पुलिस को दी शिकायत में एडवोकेट निकिता पदम ने कहा है कि वह जिला न्यायालय फतेहाबाद में जिला बार एसोसिएशन फतेहाबाद की सचिव एडवोकेट कमलेश वशिष्ठ के साथ प्रैक्टिस करती है। सुबह वह अपने गांव भोड़ियाखेड़ा से स्कूटी पर सवार होकर फतेहाबाद आ रही थी। जैसे ही वह मिनी बाइपास पर योग नगर कट के पास पहुंची तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर आए युवक ने स्कूटी के पायदान पर रखा उसका बैग जबरदस्ती छीन लिया और मौके से फरार हो गया। उसने उक्त युवक का पीछा करने भी कोशिश की लेकिन युवक उसे धमकी देते हुए मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। निकिता के अनुसार उसके बैग में कुछ कोर्ट के जरूरी कागजात व लैपटॉप था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुमन/वीरेन्द्र