[ad_1]

कोटा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। एक टीचर ने कोचिंग जाने से नाराज 5 साल की बच्ची की पिटाई कर दी। बच्ची को इतनी बुरी तरह से पीटा कि हाथ फ्रैक्चर हो गया। मामला जिले के कैथून थाना क्षेत्र के खेड़ारसूलपुर गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार दोपहर 2 बजे का है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शनिवार शाम 6 बजे आरोपी टीचर अब्दुल सत्तार (45) को गिरफ्तार किया। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार को जिला शिक्षा अधिकारी को तीन घंटे में रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। पिता का आरोप है कि टीचर बच्चों को क्लास में गाली भी देता था।
कैथून थाने के एसएचओ हरलाल मीणा ने बताया- बच्ची के पिता (35) ने शनिवार शाम 4 बजे टीचर अब्दुल सत्तार के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि मेरा 9 साल का बेटा और 5 साल की बेटी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेड़ारसूलपुर में पढ़ते हैं। दोनों शनिवार सुबह 10 बजे स्कूल गए थे। दोपहर करीब दो बजे स्कूल के पास रहने वाले एक रिश्तेदार का फोन आया और बताया कि मेरी बेटी रो रही है और कह रही है कि स्कूल में उसकी पिटाई की। पिता ने बताया- जब मैं वहां पहुंचा तो बेटी रो रही थी। इसके बाद उसे स्कूल लेकर गया और टीचर अब्दुल सत्तार से पूछा तो जवाब नहीं दिया। मैंने जब कहा कि आपके खिलाफ थाने में शिकायत दूंगा तो वह धमकाते हुए कहने लगा- जो इच्छा हो, वो करो।
पिता ने बताया कि टीचर पहले भी बच्चों के साथ मारपीट कर चुका है। तीन दिन पहले बेटे ने घर आकर बताया था कि टीचर ने पिटाई की है। जब टीचर अब्दुल सत्तार से पिटाई के बारे में पूछा तो बोला- पढ़ाई नहीं करेंगे तो पिटाई होगी। पिता का आरोप है कि मेरी बेटी कोचिंग पढ़ने जाती है। इसी को लेकर टीचर उससे नाराज रहता था और कोचिंग जाने से मना करता था। बच्ची का शनिवार को मेडिकल करवाया गया।
एसएचओ ने बताया- पिता की रिपोर्ट के अनुसार, टीचर अब्दुल सत्तार क्लास में बच्चों के साथ गाली-गलौज भी करता था। वह बच्चों से झाड़ू भी लगवाता था, जिसका वीडियो भी उसके पास है। पिता की शिकायत के बाद आरोपी टीचर को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। टीचर के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच डीएसपी गजेंद्र सिंह कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/ईश्वर