[ad_1]

जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। झोटवाड़ा थाना इलाके में कैशियर को गोली मार कर पंजाब नेशनल बैंक शाखा लूट का प्रयास करने वाले मुख्य आरोपित भरत सिंह मीणा शादी-ब्याह और अन्य जगहों पर गाना गाने का काम करता था, लेकिन अपना खर्चा चलाने के लिए लोगों से उधार रुपये लेता रहा। उधारी बढ़ने पर आरोपित ने अपने पूर्व साथी के साथ मिलकर बैंकों को लूटने की योजना बनाई और एक के बाद एक वारदात करते चले गए। पीएनबी से पहले आरोपित अपने ममरे भाई विनोद मीणा के साथ दो बैंकों को लूट चुका था हालांकि विनोद मीणा की मौत हो चुकी है। आरोपित भरत सिंह मीणा को पूछताछ के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया। वहीं लूट के दौरान गोली लगने से घायल मनोज मीणा का अस्पताल में उपचार जारी है। भरत सिंह 10वीं तक ही पढ़ा लिखा है।
थानाधिकारी किशन विश्नोई ने बताया कि आरोपित भरतसिंह विनोद के साथ पूर्व में शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों में गाना गाने और बजाने का काम करता था। लेकिन इससे उनका खर्चा नही चला। खर्चा चलाने के लिए वे लोगों से उधार रुपये लेने लगे। इससे उन पर कर्जा होता चला गया। कर्जा उतारने के लिए आरोपितों ने कोरोना काल में लूट की योजना बनाई और दो बैंकों को सफलता पूर्वक लूट लिया तो हौसलें सातवें आसमान पर पहुंच गए। इस पर अपना साथी बदला तो वह वारदात के दौरान पकड़ा गया। भरत सिंह मीणा शादीशुदा और उसके दो बच्चे है। आरोपित परिवार का इकलौता वारिस है और भरत के अलावा उसकी दो बहने भी है।
गौरतलब है कि 6 मार्च 2023 में भरत मीणा ने साथी रिश्तेदार के साथ मिलकर श्याम नगर थाना इलाका से इण्डियन ओवरसीज बैक में हथियार के दम पर लाखों रुपए की लूट की थी। इसके अलावा 08 फरवरी 2022 को चौंमू हाउस विधायकपुरी स्थित सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया में अपने रिश्तेदार विनोद मीणा के साथ मिलकर लाखों रुपये की लूट की थी। भरत सिंह मीणा मूलत कोटपूतली का निवासी है जो जन्म से शास्त्री नगर जयपुर में स्वयं के मकान में रहता था जिसको बेचकर 2019 से गोकुलपुरा करधनी में स्वयं के मकान में रहता है। उसने वर्तमान में सिविल लाइंस में किराए से कमरा ले रखा था। इस कमरे को बदमाश वारदात में उपयोग किए हथियार सहित अन्य सामानों के साथ खुद को बचाने के लिए काम में लेता था। आरोपित अपना हुलिया बदलकर, मुंह पर मास्क व हाथो में गल्ब्स व सिर पर मंकी कैंप लगाकर अपने सहयोगी के साथ वारदात को अंजाम देता था। आरोपित पूर्व में कई जगहों पर लूट की अलग-अलग वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस आरोपित से वारदातों में शामिल सहयोगियों के साथ लूट सहित अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। वारदात के बाद बदमाश सोशल मीडिया और अखबारों के माध्यम से सारी जानकारी रखता था। वारदात के बाद बदमाश जगह बदलकर अपने रिश्तेदार या मिलने वालों के पास चला जाता था। मुल्जिम भरत सिंह द्वारा घटनास्थल का पूर्व में ही बार बार रैकी कर व रुट तय कर पूरी प्लानिंग से घटनाओं को अंजाम देता था। वारदात के बाद बदमाश बैंक कर्मचारियों से उनके दुपहिया वाहन की चाबी लेकर उससे फरार हो जाते और रास्ते वाहन बदलते रहते थे। आरोपितों द्वारा सुबह बैंक खुलने के साथ ही वारदात को अंजाम देने का टारगेट रखते थे। वारदात के बाद बदमाश सामान्य जीवन जीने लग जाते थे।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/संदीप