[ad_1]

भरतपुर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। भरतपुर शहर में अवैध बजरी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार सुबह मथुरा गेट थाना क्षेत्र के बी नारायण गेट निवासी एक युवक को अवैध बजरी माफियाओं ने ट्रैक्टर ट्राली से रौंद कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे अवैध बजरी माफियाओं द्वारा बी नारायण गेट स्थित एक मकान निर्माण के लिए बजरी लेकर आए थे। इस दौरान कॉलोनी में उपेंद्र नामक युवक की नाली ट्रैक्टर ट्राली से टूट गई। उपेंद्र की ट्रैक्टर चालक से नोक झोंक हुई और उसने नाली टूटने का विरोध किया। इससे नाराज ट्रैक्टर चालक ने युवक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को परिजन जिला आरबीएम अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी पुलिस घटना स्थल पर देरी से पहुंची। जानकारी के मुताबिक उपेंद्र की उम्र 22 साल है और वह कोर्ट एलडीसी की तैयारी कर रहा था। इस घटना के बाद कॉलोनी में भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों के द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
कॉलोनी निवासी लोकेश ने बताया कि सुबह 8:30 बजे कॉलोनी में बजरी लेकर दो ट्रैक्टर आए थे। जिनके द्वारा बैक करते समय युवक के नाली के पाइप को तोड़ दिया गया। जब युवक द्वारा ट्रैक्टर चालक का विरोध किया तो गुस्साए ट्रैक्टर चालक ने युवक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और परिजन उसे आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मथुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। ट्रेक्टर से घटना कारित करने वाले चालक अभी फरार है।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर