[ad_1]


हरिद्वार, 23 फरवरी (हि.स)। माया देवी पार्किंग के पास पुलिस टीम पर तमंचे से फायर करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि एक आरोपित मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपितों के पास से पिस्टल, तमंचा, कारतूस बरामद किए हैं। आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार को हरिद्वार पुलिस को शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित माया देवी पार्किंग में बदमाशों के होने की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचने पर एक बदमाश ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया जिसमें पुलिस के जवान एवं एक अन्य व्यक्ति बाल बाल बचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार बदमाशों में से तीन को सेवा सदन स्कूल की गली से पकड़ लिया जबकि एक मौका पाकर भाग निकला। पकड़े गए तीनों आरोपितों की तलाशी लेने के बाद दो के पास से अवैध असलह बरामद हुए। आरोपित जतिन उर्फ सुजल पुत्र संजय चौहान निवासी पत्तों वाली गली विष्णु घाट हरिद्वार से 32 बोर की पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस तथा दूसरे आरोपित भानु भारद्वाज पुत्र अनिल कुमार निवासी रामलीला ग्राउंड भोगपुर लक्सर के पास से एक देसी तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा बरामद हुआ है। पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जबकि फरार आरोपित की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीकांत
/प्रभात