[ad_1]
हमीरपुर, 22 मार्च (हि.स.)। सुमेरपुर कस्बे के दुग्ध डेयरी मार्ग में किराए पर रह रहा एक मजदूर ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर शुक्रवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक माता-पिता की मौत के बाद कस्बे में किराए पर रह रहा था। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
कानपुर देहात जनपद के नरवल सुमेरपुर कस्बा निवासी रवि उर्फ कल्लू 25 वर्ष माता-पिता की मौत के बाद कस्बे में ब्याही बहन के यहां रहने आ गया था। कुछ समय बाद बहन और बहनोई की टीबी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद वह बहन की वृद्ध सास बतसिया के साथ रहने लगा। लेकिन वृद्धा से तालमेल न बैठने पर वह बगल में ही किराए के मकान में रहने लगा था और मेहनत मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा था। गुरुवार को इसने पड़ोसियों से बेहद परेशान होने की बात कही थी। इसके बाद शुक्रवार को वह घर पर ही फंदे में झूल गया। पड़ोसियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश