[ad_1]

बागपत, 20 जनवरी (हि.स.)। जिले में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा खेकड़ा पुलिस व एसओजी ने शनिवार को किया है। संयुक्त टीमों ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 राइफल बरामद की गयी हैं। पकड़े गये अपराधियों पर 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को खेकड़ा थाना पुलिस व एसओजी को सफलता मिली है। सूचना और पुलिस की सक्रियता के चलते तीन असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से 10 राइफल और एक तमंचा, कारतूस व मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपित पंकज और नितिन जिले के दोघट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। जबकि आरिफ मेरठ जनपद के ग्राम कैली दौराला का रहने वाला है। आरिफ पर आठ से ज्यादा अपराधिक मामले मेरठ में दर्ज हैं। पंकज पर चार, जबकि नितिन पर कोई मामला नहीं मिला है। पुलिस उसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। खेकड़ा थाना प्रभारी राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि फखरपुर के जंगल से इन तस्करों की गिरफ्तारी की गयी है। आशंका है कि लोनी से इन हथियारों को लाया गया था। अभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है। इनके और भी साथी हैं जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
एसओजी प्रभारी रवेंद्र सिंह पलावत ने बताया कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी की सूचनाएं मिल रहीं थी। इस सूचना पर एसओजी व 10 थानों की फोर्स को तस्करों की धरपकड़ में लगाया गया है। राइफल के साथ पकड़े गए तस्करों से पूर्व भी बड़ौत कोतवाली व दोघट थाना क्षे़त्रों में एक दर्जन से अधिक तमंचे के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/ सचिन/मोहित