[ad_1]

झाबुआ, 10 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के एक बड़े जनजातीय सम्मेलन के मौके पर जिला मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर गोपालपुरा का सभा स्थल कैसरिया रंग के झंडों से सजा दिया गया है। यहां आयोजित प्रदेश के एक बड़े जनजातीय सम्मेलन के मौके पर पधार रहे विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता एवं भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। एक तरफ जहां व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर तैयारियों को अंजाम दिया गया, ओर सुरक्षा हेतु व्यापक इंतजामात किए गए हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन स्तर पर भी प्रधानमंत्री के झाबुआ दौरे को यादगार बनाने की दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिस स्थान से जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे, उस सभा स्थल को 15 हजार कैसरिया एवं पार्टी के ध्वजों से सजाया गया है, साथ ही सभा स्थल पर बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, राणा पुंजा, रानी दुर्गावती, रघुनाथ शाह, सहित जनजातीय समुदाय के जननायकों के बड़े बड़े चित्र, कट आउट भी लगाए गए हैं। उक्त जननायकों के ही साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी कट आउट लगा नजर आता है।
गोपालपुरा हवाई पट्टी के समीप का वह स्थान जहां से प्रधानमंत्री जनजातीय सम्मेलन में बड़ी संख्या में आए जन समुदाय को संबोधित करेंगे, आज दिनभर सजाया जाता रहा। यहां एक तरफ मंचीय व्यवस्था की एक बार फिर से समीक्षा की गई, वहीं प्रधानमंत्री के आगमन के पूर्व एसपीजी द्वारा भी अपनी ड्यूटी सम्हाल ली गई है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, झाबुआ रूपरेखा यादव ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन के पूर्व एसपीजी द्वारा भी ड्यूटी सम्हाल ली गई है। ओर इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल सहित आसपास का इलाका एसपीजी के सुरक्षा घेरे में है। एसडीओपी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के पूरे इलाके में कोई तीन हजार से भी ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसमें आईपीएस स्तर के 10 अधिकारी और 12 एडिशनल एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल है। एसडीओपी झाबुआ ने कहा कि 6 बम डिटेक्शन और डिस्पोजल स्क्वाॅड भी तैनात किए गए हैं। 2 एंटी ड्रोन टीम भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहेंगी। सभी टीमों को उनकी जिम्मेदारी समझा दी गई है, ओर उनके द्वारा इसका निष्पादन शुरू कर दिया गया है।
इधर बेहतर व्यवस्था ओर सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं पुलिस सचेत हैं, वहीं प्रधानमंत्री के आगमन के एक दिन पूर्व तक भाजपा संगठन इसमें छोटी से छोटी व्यवस्थाओ को लेकर भी मुस्तैद नजर आ रहा है। आज स्थानीय हवाई पट्टी गोपालपुरा में की जा रही व्यवस्थाओं के मद्देनजर वन एवं पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चोहान अध्यक्ष इंदौर विकास प्राधिकरण, इंदौर एवं कार्यक्रम प्रभारी जयपालसिंह चावड़ा संभागीय संगठन प्रभारी राघवेन्द्र गोतम, प्रदेश मंत्री संगीता सोनी, जिला प्रभारी हरिनारायण यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भुरिया, सहित सैकड़ों भाजपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने सभास्थल का निरीक्षण कर, आगंतुकों के लिए जल व्यवस्था, ग्रीन रूम, की समीक्षा की, साथ ही सभा के दौरान अनुशासन बनाए रखने हेतु किए जाने वाले प्रयासों के बारे में भी मशविरा किया गया। पार्टी द्वारा वीवीआईपी पास सहित जनजातीय समुदाय के संतो के सम्मान को लेकर भी निर्णय लिया गया एवं पृथक-पृथक रुप से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। झंडा टोपी वितरण कार्य आदि व्यवस्थाओं की भी जिम्मेदारी कार्य कर्ताओं को सौंपी गई है।
अध्यक्ष इंदौर विकास प्राधिकरण, इंदौर, एवं कार्यक्रम प्रभारी जयपालसिंह चावड़ा ने कहा कि सभा स्थल पर लगभग, 15000, झंडे लगाकर स्थल को सुसज्जित किया जा रहा है तथा सभा स्थल के आसपास पचास से अधिक पानी के टैंकर दौ सौ से अधिक केम्पर होंगे, एवं आसपास के प्रत्येक जिले में पांच सौ वीवीआईपी पास उपलब्ध करवाए गए हैं। सभा में आए लोगों को ध्वज एवं टोपी भी वितरित की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर चाक चौबंद व्यवस्थाओं के बनाए रखने हेतु पार्टी कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई है। संभागीय संगठन प्रभारी राघवेन्द्र गोतम ने सभी कार्यकर्ताओं से अपने दाईत्व का इमानदारी से निर्वहन करने का आग्रह किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश