[ad_1]

ग्वालियर, 11 जनवरी (हि.स.)। ग्वालियर-चंबल संभाग में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद ठंड तीव्र हो गई है। ग्वालियर शहर में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान मौसम में पहली बार न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यानी वर्तमान मौसम में बुधवार-गुरुवार की रात सबसे ठंडी रही। इससे पहले सबसे कम 5.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 20 दिसम्बर को दर्ज किया गया था।
गुजरे मंगलवार को हुई बारिश के बाद बुधवार से मौसम शुष्क है। इसके साथ ही उत्तर से ठंडी हवाएं आना शुरू हो गई हैं। गुरुवार को भी मौसम शुष्क रहा। इसके चलते धूप काफी तेज रही। जिससे दिन में ठंड से कुछ राहत रही लेकिन शाम होते ही शहरवासियों को तीव्र ठंड का सामना करना पड़ा। रात गहराने के साथ ठंड और तीव्र हो गई। स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि अभी मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ी रही है और उत्तर से ही ग्वालियर-चंबल की ओर ठंडी हवाएं आ रही हैं। यही वजह रही कि पिछले 24 घंटे में ही न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।
उत्तरी हवाओं के असर से शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। उन्होंने बताया कि उत्तर से आ रहीं ठंडी हवाओं की वजह से 15 जनवरी तक मौसम इसी प्रकार तीव्र ठंडा रहने की संभावना है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस लुढ़क कर 5.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो औसत से 1.4 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 97 और शाम को 71 प्रतिशत दर्ज की गई।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद
[ad_2]