[ad_1]

सहरसा/सुपौल,19 फरवरी (हि.स.)।जिले के वीरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर 05 के कुमार चौक स्थित एक निजी लॉज में एक 21 वर्षीय युवक की छत से लटकती लाश मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को छत से उतारा और कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। मृत युवक बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चैनपुर ठूठी वार्ड नंबर 02 निवासी शिवशंकर मेहता का पुत्र विक्रम कुशवाहा है।
युवक लॉज में पिछले पांच वर्षों से रहकर पढ़ाई के अलावा वह कोसी क्लब से जुड़ा था, जिसकी पहचान क्रिकेट के एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में थी। शनिवार की रात विक्रम अपने किसी दोस्त के बहन की शादी में गया हुआ था।देर रात वापस लौटा। रविवार की सुबह जब विक्रम के दोस्त विक्रम के मैदान पर नहीं पहुंचने के बाद उसके घर गया तो उसका दरवाजा अंदर से बंद था।काफी आवाज लगाने पर जब अंदर से कोई आवाज नहीं आया तो खिलाड़ियों को पड़ोस के एक लड़के से जानकरी मिली कि विक्रम देर रात शादी समारोह से वापस आया है।खिलाड़ियों ने अनुमान लगाया कि विक्रम थकान से नींद में होगा, जिसके बाद उसके सभी साथी खिलाड़ी वापस लौट गये। सोमवार शाम भी जब विक्रम क्रिकेट ग्राउंड नहीं पहुंचा तो साथी खिलाड़ी फिर उसे ढूंढ़ते हुए उसके घर पहुंचे। शाम में भी विक्रम का दरवाजा पहले की तरह ही बंद पाया। तब खिलाड़ियों को अनहोनी की आशंका हुई,जिसके बाद स्थानीय लोगों के समक्ष ही उस कमरे के खिड़की का फाटक को तोड़ा गया तो उसके सहपाठियों के होश उड़ गये। देखा कि विक्रम की लाश फंदे से लटक रही है। लोगों ने इसकी सूचना परिजन और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही घटना स्थल पर वीरपुर थाना के सब इंस्पेस्टर मुकेश कुमार दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गये। मामले की गंभीरता को देख थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल स्वयं घटना स्थल पर पहुंचे। जिन्होंने कमरे की सूक्ष्म तरीके से तलाशी ली। तलाशी क्रम में लाश के बगल में एक कॉपी पड़ा था।कॉपी के एक पन्ने में लिखा पाया गया कि मैं अपनी जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर रहा हूं।
मृतक के पिता शिव शंकर मेहता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को इस दिशा में छानबीन करने की गुजारिश की। लाश को पोस्टमार्टम करवा कर परिजन को सुपुर्द कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा