[ad_1]

श्योपुर, 07 मार्च (हि.स.)। पांडोली गांव में गुरुवार को 11 केवी विद्युत लाइन के खंभे पर सुधार कार्य करते समय आउटसोर्स कर्मचारी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झूलस गया। वह खंभे पर ही करीब आधे घंटे तक झूलता रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने रस्सा डालकर युवक को तारों से नीचे उतारा। इसके बाद उसे जिला चिकित्सालय ले गए। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रैफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पांडोला निवासी लखन उर्फ सरपंच पुत्र भैरूलाल सुमन उम्र 30 साल बिजली कंपनी में आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। गुरुवार को दोपहर में ग्राम पांडोली में 11 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट होने की जानकारी मिलने के बाद लखन और उसके अन्य साथी लाइन सुधारने के लिए ग्राम पांडोली पहुंचे। लखन जब खंभे पर लाइन सुधारने के लिए चढा तो करंट की चपेट में आने से वह लाइन से चिपक गया। पीडि़त के परिजन ने बताया कि जब हमें जानकारी मिली तो परिवार के लोगों के साथ हम पांडोली गांव पहुंचे। जहां लखन तारों पर झूल रहा था। रस्सों की मदद से लखन को बांधकर और नीचे चादर को पकड़कर नीचे उतारा। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आधे घंटे से ज्यादा समय तक लखन तारों पर ही झूलता रहा लेकिन उसे उतारने की किसी ने हिम्मत नहीं दिखाई।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश