[ad_1]

हमीरपुर, 03 मार्च (हि.स.)। मौदहा कस्बे में रविवार को अपने परिवार से अलग रह रहे वृद्ध को सरेराह अज्ञात हमलावरों ने मारपीटकर मरणासन्न कर दिया। रिश्तेदार उसे इलाज के लिए बांदा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मौदहा कस्बे के मोहल्ला हैदरगंज निवासी जमालुद्दीन (65) अपनी पत्नी व पुत्रों से किन्हीं कारण काफी अरसे से अलग रहमानिया मार्ग स्थित जावेद एडवोकेट की मार्केट में रह रहा था। वह शुगर के रोग से पीड़ित एवं आंख से अंधा था। रविवार को सरेराह अज्ञात हमलावरों ने जावेद की मार्केट में घुसकर जमालुद्दीन के साथ जमकर मारपीट की। हमलावरों ने उसे बुरी तरह से घायल कर मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस घटना को लेकर अपने-अपने कयास लगने लगे।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल जमालुद्दीन को लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उसकी हालत को नाजुक देख प्राथमिक उपचार कर मुख्यालय रेफर कर दिया। रिश्तेदार उसे इलाज के लिए बांदा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान जमालुद्दीन की मौत हो गयी।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी राम आसरे सरोज का कहना है कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी श्रेयस त्रिपाठी एंव डाग स्क्वायड की टीम ने गहनता से जांच पड़ताल कर सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दीपक/दिलीप