[ad_1]






-जीआरपी ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर कटघर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान आसिफ को दबोचा
-चलती ट्रेन में रेल यात्रियों को नशीले पदार्थ का सेवन करा नकदी और आभूषण साफ करती है अमरोहा की शबनम
मुरादाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। चलती ट्रेन में रेल यात्रियों को नशीले पदार्थ का सेवन कराकर नकदी और आभूषण लूटने वाली अमरोहा निवासी आरोपित शबनम के साथी आसिफ को राजकीय रेलवे पुलिस ने गुरुवार शाम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। वहीं जीआरपी अब शबनम की तलाश में जुट गई है।
गुरुवार शाम मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर कटघर थाना इलाके के रामगंगा नदी के पास रेलवे आउटर पर जीआरपी मुखबिर की सूचना पर पहुंची तो आसिफ नाम का आरोपी ट्रेन में किसी के साथ वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। जिसकी घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ना चाहा तो आसिफ ने खुद को घिरता देख फायरिंग कर दी। जीआरपी की ओर से आत्मरक्षा में चली गोली आरोपित के पैर में लगी और वो घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित को दबोच कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बता दें कि पकड़ा गया आरोपित आसिफ अमरोहा का रहने वाला है, जिसके खिलाफ मुरादाबाद समेत अन्य जनपदों में भी केस दर्ज हैं।
जीआरपी के पुलिस उपधीक्षक देवी दयाल ने बताया कि पकड़ा गया आरोपित आसिफ शातिर किस्म का है। जो महिला साथी शबनम के साथ रेलवे स्टेशन पर अपना शिकार ढूंढकर उसे चाय या पानी में नशीला पदार्थ देकर वारदात को अंजाम देते थे। इन आरोपियों ने 20 दिन पहले भी ट्रेन में परिवार संग यात्रा कर रहे दंपत्ति को नशीला पदार्थ दे दिया था। जिसकी डोज ज्यादा होने से उसमें से एक व्यक्ति की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई थी। जबकि दूसरी वारदात में एक अधिवक्ता शिकार हुए थे, जिनसे आरोपी एक लाख की नकदी लेकर फरार हो गए थे। जीआरपी पुलिस ने बताया कि आसिफ के पकड़े जाने के बाद इस तरह की वारदात में कमी आएगी। वहीं फरार आरोपित लुटेरिन शबनम की तलाश तेज कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित/आकाश