Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

कामरूप (असम), 10 मार्च (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 24वीं वाहिनी, रंगिया द्वारा सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। रंगिया स्पोर्ट्स डवलपमेंट एसोसिएशन (आरडीएसए) के महासचिव मुक्ता नंदा भटाचार्य तथा उनके कोच एवं अंपायर के सहयोग से एसएसबी की 24वीं वाहिनी मुख्यालय तथा वाहिनी की सीमा चौकियों के खिलाड़ियों के बीच क्रिकेट मैच का आयोजन क्रिकेट एसोसिएशन रंगिया के मैदान में किया गया।
यह मैच, एसएसबी 24वीं वाहिनी की दो टीमों, टीम “ए” व “बी” के मध्य खेला गया। टीम “ए” के कप्तान द्वितीय कमान अधिकारी जसबीर सिंह तथा टीम “बी” के कप्तान 24वीं वाहिनी के कमांडेंट दीपक सिंह रहे। टीम ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम बी द्वारा पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रनों का लक्ष्य रखा, जिसके जवाब में टीम ए लक्ष्य का पीछा करते हुए 132 रन ही बना सकी।
मैच समापन के पश्चात पुरस्कार समारोह में भटाचार्य द्वारा विजेता टीम के कप्तान दीपक सिंह एवं उनकी टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान दीपक सिंह द्वारा वहां उपस्थित अंपायर एंव कोच को पुरस्कृत किया गया। मैच में वाहिनी के अधिनस्थ अधिकारियों व जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान कमांडेट ने दोनों टीमों को शुभकामनाएं दी एवं उन्हें प्रोत्साहित किया गया। उन्होनें कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा हैं। इससे न केवल हमारे शरीर का विकास होता है अपितु खेल के माध्यम से हमारे मूल जीवन का भी विकास होता है। सिंह ने भटाचार्य एवं खिलाड़ियों को यह विश्वास भी दिलाया कि हम भविष्य में इस प्रकार के मैचों का आयोजन कराते रहेंगें एवं स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित करते रहेंगें, साथ-ही इस मैदान के रखरखाव हेतु यथासंभव प्रयास करेंगें।
मैच के दौरान वाहिनी के अधिकारिगण, अधिनस्थ अधिकारी, जवान एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ प्रकाश/श्रीप्रकाश/अरविंद