[ad_1]

चंडीगढ़, 26 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूरे प्रदेश में कनेक्टिविटी बढ़ाने और निर्बाध परिवहन की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सड़क बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इन परियोजनाओं में हिसार, पानीपत, कुरुक्षेत्र और गुरुग्राम में 63 करोड़ 45 लाख रुपये की अनुमानित लागत पर 80 ओडीआर का सुधार शामिल है।
जानकारी के अनुसार इस राशि में से हिसार में पायल से नारनौंद तक 2.05 किमी की सड़क पर 97.03 लाख, गंगवा से आर्य नगर तक 4.950 किमी सड़क पपर 2.82 करोड़, शाहपुर से किरतान की 6.50 किमी सड़क पर 3.29 करोड़, गांव भिवानी रोहिल्लां रोड सुंडावास से शमशान घाट सड़क की 87.95 लाख रुपये से मरम्मत तथा 1.46 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से हिसार खनक से गांव मंगाली तक व मंगाली बाईपास सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा पानीपत में बबैल से लेकर मोहाली, मेहराना से बुरशम तक, बराना से राणा माजरा तक, बिंझौल से महराणा तक, तथा निंबरी से कुरार तक की सड़क शामिल हैं, जिनका विस्तार होगा। कुरुक्षेत्र के पिहोवा की 47.95 किमी लम्बाई की 37 ओडीआर सड़कों पर 19 करोड़ 60 लाख रुपये खर्च होंगे। गुरुग्राम के सोहना में 10.65 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट के साथ 22.91 किलोमीटर तक की सड़कों का सुधार किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील