[ad_1]

-ट्रेनों पर पथराव मामले में एक हिरासत में
गुवाहाटी,15 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने जोन में कई अभियान चलाकर पिछले कुछ दिनों में रेल टिकटों की अवैध बिक्री और दलाली के आरोप हिरासत में लिया है। पूसीरे ने 9 से 14 मार्च के बीच विभिन्न स्थानों से 78 हजार रुपये से अधिक मूल्य के 24 रेल टिकट बरामद किए। पकड़े गए दलालों पर रेल अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पूसीरे के सीपीआरओ सब्यसाची ने शुक्रवार को बताया है कि हाल ही में 13 मार्च की एक घटना में, रेसुब व रंगिया की सीआईबी टीम ने असम के मिसामारी स्थित ‘यूएम प्रिंटर्स’ में छापा मारा। छापेमारी के दौरान टीम ने यहां से लगभग 10,085 रुपये के छह ई-टिकट बरामद किए और इस मामले में एक दलाल को पकड़ा। रंगापाड़ा नार्थ पोस्ट पर रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसी तरह 12 मार्च को रेसुब की कटिहार की सीआईबी टीम ने मालीगांव एवं बारसोई की रेलवे सुरक्षा बल टीम के साथ मिलकर एक दलाल को हिरासत में लिया और लगभग 10,655 रुपये के दो रेल टिकट बरामद किए। आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत रेसुब पोस्ट/बारसोई में मामला दर्ज किया गया।
पूसीरे की रेसुब ने 10 और 11 मार्च को कई स्थानों पर ऐसे मामलों के लिए तलाशी अभियान चलाए गए और दो दलालों को हिरासत में लिया। लगभग 57890 रुपये मूल्य के 16 रेल टिकट बरामद हुए। इस संबंध में उपरोक्त सभी घटनाओं के लिए संबंधित पोस्टों पर रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया गया। रेल टिकटों की अनधिकृत और अवैध खरीद पर कड़ी निगरानी रखने के अलावा रेलवे के क्षेत्राधिकार में होने वाले अन्य आपराधिक कृत्यों जैसे ट्रेनों पर पथराव मामलों पर पूसीरे की रेसुब नियमित रूप से जांच करती है। 9 मार्च की एक घटना में, रेसुब/ग्वालपारा की एक टीम ने ग्वालपारा टाउन से एक व्यक्ति को ट्रेन संख्या 05640 (कोलकाता- सिलचर स्पेशल) पर पथराव करने के आरोप में पकड़ा। बाद में, आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे अधिनियम की धारा 154 के तहत रेसुब/ग्वालपारा पोस्ट पर मामला दर्ज किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील