[ad_1]

हरिद्वार, 25 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुड़की कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित नमो नव मतदाता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी नव मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मत का प्रयोग अवश्य करें और सबको मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक भी करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा मताधिकार के प्रयोग के लिए योग्य हो चुके हैं, अपना पंजीकरण कर मतदान करने का अधिकार लें। मतदान करने का पवित्र कार्य सभी को करना चाहिए। हमारी सोच होनी चाहिए कि पहले मतदान, फिर जलपान। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ी है। इसके परिणामस्वरूप मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। हमारे युवाओं को भी स्कूल, कॉलेजों, संस्थानों और विभिन्न क्षेत्रों में जाकर इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने होंगे।
इस अवसर पर विधायक प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष हरिद्वार किरण चौधरी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौरव कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की शोभाराम प्रजापति, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल समेत अन्य अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र