[ad_1]

जौनपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। जनपद की सुजानगंज और महाराजगंज थाना की सयुंक्त टीम ने शनिवार की आधीरात को मुठभेड़ के दौरान पच्चीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को दबोचा है। वह पुलिस की गोली से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष सुजानगंज रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि महराजगंज थाना पुलिस के साथ एक विशेष अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई में इनामी बदमाश से मुठभेड़ हुई। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की पहचान खुटहन थाना क्षेत्र के ग्राम इमामपुर निवासी अन्तरजनपदीय अपराधी लालू यादव उर्फ प्रवेश यादव है।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। उस पर पच्चीस हजार रुपये का इनाम है। घायल होने पर पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/रविंद्र/दीपक/राजेश