[ad_1]


मीरजापुर, 22 जनवरी (हि.स.)। तीर्थ धाम अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के दिन सोमवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मां विन्ध्यवासिनी के दरबार में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र के साथ सफाई अभियान में शामिल हुई। मंदिर परिसर को रंगोली से सजाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
सफाई अभियान के दौरान मन्दिर परिक्रमा पथ प्रांगण में स्कूली छात्राओं व महिलाओं के साथ जिलाधिकारी व नगर विधायक ने भगवान श्रीराम पर आधारित रंगोली बनाई, जो आकर्षण का केन्द्र रहा। विन्ध्यवासिनी प्रांगण में संस्कृत विद्यालय के छात्र-छात्राओं व प्रकांण ब्राहम्णों ने भगवान श्रीराम की मूर्ति के सामने बैठकर भजन कीर्तन, हनुमान चालीसा, सुन्दरकाण्ड का पाठ किया। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को हनुमान चालीसा की पुस्तक भी भेंट की। मन्दिर परिसर में लगाये गये एलईडी टीबी के सामने बैठकर दूर दराज से आये श्रद्धालुओं ने भी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और जय श्रीराम के नारे लगाये। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी व नगर विधायक ने रोडवेज परिसर में जिला प्रशासन की ओर से संचालित श्रीअन्न कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। परिक्रमा पथ परिसर में सांस्कृतिक कलाकारों ने सांस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर धाम को राममय कर दिया।
1100 दीपों को जलाकर मनाया दीपोत्सव
सोमवार की शाम कलेक्ट्रेट परिसर में 1100 दीपों को जलाकर दीपोत्सव मनाया गया। भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथं दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया।
हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/मोहित