[ad_1]

मेरठ, 19 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा ने पूरा माहौल राममय बना दिया है। भगवान राम के प्रति अगाध श्रद्धा के कारण कुछ डॉक्टर 22 जनवरी तक मरीजों का निःशुल्क उपचार करेंगे तो एक शिक्षक ने एक महीने के लिए निःशुल्क कोचिंग शुरू की है। इसी तरह से अधिवक्ता भी निःशुल्क परामर्श लोगों को दे रहे हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के अवसर को लोग यादगार बनाने में जुटे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने 108 फुट की प्रभु श्रीराम की आकृति की मानव शृंखला बनाकर लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराने की पहल की है। इसी तरह से स्कूलों में रामायण को लेकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग में भगवान राम पर चित्रकला प्रतियोगिता हो रही है। इस अवसर पर भगवान श्रीराम की कृपा पाने के लिए तमाम प्रोफेशनल्स आगे आ रहे हैं।
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा फूलबाग कॉलोनी में 21 जनवरी को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रकोष्ठ के डॉ. राजकुमार बजाज, डॉ. राजीव अग्रवाल, डॉ. आशु मित्तल इस शिविर में लोगों का परीक्षण करेंगे। सर्जन जहां मरीजों का ऑपरेशन निःशुल्क करेंगे तो महिला रोग विशेषज्ञ इस दौरान निःशुल्क डिलीवरी करेंगे। इस शिविर में इसमें सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज आदि उपस्थित रहेंगे। सर्जन डॉ. नीरज गोयल रोगियों के निःशुल्क ऑपरेशन करेंगे। शिक्षाविद उम्मेद सिंह ने एक महीने तक छात्रों को निःशुल्क कोचिंग देने का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज गुप्ता, संजीव कुमार ने अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लिए लोगों को निःशुल्क विधि परामर्श देने की बात कही है। उनका कहना है कि सभी लोग अपने-अपने तरीके से प्रभु श्रीराम के आने की खुशी मना रहे हैं। इस मुहिम में बड़े-बड़े कारपोरेट ग्रुप जब पहल कर रहे हैं तो वह भी पीछे नहीं रह सकते। बागपत रोड स्थित आप्टिमस हेल्थ केयर में डॉ. केपी सैनी 22 जनवरी तक जोड़ों, घुटनों, कमर दर्द, मांसपेशियों की बीमारी का मरीजों को निःशुल्क परामर्श देंगे। उन्होंने यह निर्णय अपने आराध्य भगवान राम के प्रति आस्था को प्रकट करने के लिए लिया है। इस दौरान फुट प्रेशर एनालिसिस जांच भी निःशुल्क की जाएगी। चौहान मार्किट मोदीपुरम के इंजीनियर सुधीर चौहान, नीरज चौहान, भूचाल चौहान ने एलईडी टीवी की रिपेयरिंग में 50 प्रतिशत छूट देने की बात कही है।
हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/पवन