[ad_1]





सुलतानपुर,18 जनवरी (हि.स.)। जिले की सीमा में गुरुवार को पहुंची श्रीराम चरण पादुका यात्रा का कुशनगरी के रामभक्तों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस यात्रा को लेकर हजारों की भीड़ कई घंटों से पलक पावड़े बिछाये बैठी रही। यात्रा नगर में पहुंचते ही रामभक्तों ने फूलों की वर्षा से स्वागत किया।
श्री राम चरण पादुका के दर्शन व स्वागत के लिए गुरुवार की शाम सड़कों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। प्रतापगंज बाजार, उतरी, अहिमाने, प्यागीपुर के बाद नगर क्षेत्र में भी श्रीराम चरण पादुका का स्वागत किया गया।
शहर के शाहगंज क्षेत्र में भी रामभक्तों की भीड़ ने भव्य स्वागत किय। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रीराम चरण पादुका शोभायात्रा सीताकुंड घाट पहुुंचेगी। रात्रि विश्राम के बाद 19 जनवरी की सुबह अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी चरण पादुका शोभायात्रा का स्वागत किया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण कुमार अग्रवाल के संयोजन में नगर भगवामय दिखाई दे रहा है। सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आर ए वर्मा, सांसद प्रतिनिधि रंजीत कुमार, सुलतानपुर विधायक विनोद सिंह, नगर अध्यक्ष भाजपा आकाश जायसवाल डॉ रामजी गुप्ता, आलोककुमार आर्य सहित सैकड़ो श्रद्धालु शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/दयाशंकर
/राजेश