[ad_1]

भोपाल, 14 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पर्यटन गंतव्यों तक पहुंच सुगम बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक पर्यटन का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा और पीएम श्री धार्मिक पर्यटन हेली सेवा की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (गुरुवार को) दोपहर 12:30 बजे भोपाल के राजाभोज विमानतल (स्टेट हैंगर) पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र लोधी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम को लेकर पर्यटन और संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं मप्र टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला का कहना है कि मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन वायु सेवा का संचालन पीपीपी मोड पर किया जाएगा। शुरुआत में आठ सीटर वाले दो ट्वीन इंजन एयरक्राफ्ट चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया, ऑपरेटर द्वारा प्रदेश के प्रमुख हवाई अड्डों इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, भोपाल, खजुराहो के साथ-साथ हवाई पट्टियों में से रूट का चयन किया जाएगा। इससे पर्यटकों को तीव्र यात्रा का माध्यम मिलेगा और साथ ही घरेलू पर्यटन में भी वृद्धि होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/मयंक