[ad_1]




मुरादाबाद, 03 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना मझोला में बुधवार को तीन आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है।
कुंदरकी थाना क्षेत्र के सैफपुर चित्तू गांव निवासी मोहम्मद नईम ने थाना मझोला पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपना ट्रक बेचना चाहता था। नईम ने बताया कि गांव के ही वसीम और रामपुर के बिलासपुर के भट्टा मौला गांव निवासी राजेश कश्यप और रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर निवासी नावेद ने 14.75 लाख रुपये में ट्रक का सौदा कर लिया था।
आरोपितों ने एडवांस में 2.40 लाख रुपये दे दिए थे और बाकी रकम अगले दिन देने की बात कह कर चले गए थे। मोहम्मद नईम अगले दिन सुबह सात बजे ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रक को देखने गया तो ट्रक वहां नहीं मिला। नईम ने तीनों के पास कॉल की लेकिन किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की। पीड़ित ने ट्रक में जीपीएस लगा रखा था। उसकी मदद से पता चला कि ट्रक हापुड़ में है। नईम ने वहां जाकर देखा तो ट्रक कट चुका था।
नईम ने बताया कि तीनों आरोपितों ने साजिश के तहत उसके साथ ट्रक का सौदा किया था और फिर धोखाधड़ी कर ट्रक चोरी कर ले गए। नईम ने बताया कि उसने इसकी तहरीर थाना पुलिस को दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने न्यायालय में वाद दायर किया। न्यायालय ने आरोपितों के विरुद्ध थाना मझोला को तुरंत केस दर्ज करने के आदेश दिए थे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामले में आज केस दर्ज कर लिया गया है। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित जायसवाल/दिलीप
[ad_2]
Source link