[ad_1]

भोपाल, 2 मार्च (हि.स.)। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में शनिवार को उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल की सामान्य परिषद की बैठक हुई। बैठक में प्रस्तावित कार्यसूची अनुरूप विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने संस्थान में विगत 22 वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के नियमों का अनुपालन करने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थान के मानसेवी कर्मचारियों को नियमानुसार अवकाश दिए जाने का भी अनुमोदन हुआ। मानसेवी शिक्षकों के मानदेय के संबंध में चर्चा की गई। संस्थान में विभिन्न निर्माण, सुदृढ़ीकरण एवं विकास कार्यों के संबंध में भी व्यापक चर्चा हुई।
सामान्य परिषद की बैठक में संस्थान के वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तावित 9 करोड़ 18 लाख 20 हजार रुपये के बजट का अनुमोदन हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिप्रेक्ष्य में संस्थान द्वारा कृत क्रियान्वयन एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा के.सी. गुप्ता एवं संस्थान के प्रभारी संचालक डॉ. प्रज्ञेश कुमार अग्रवाल सहित सामान्य परिषद के ने सदस्यगण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश