[ad_1]

कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में अकबरपुर सीट से सत्ताधारी पार्टी भाजपा में संभावित उम्मीदवारों की लंबी सूची रही। यही नहीं कई राजनेता प्रचार में जुट गये थे लेकिन शनिवार को पार्टी की ओर जारी की गई सूची में सांसद देवेन्द्र सिंह भोले टिकट पाने में सफल रहे। इससे उनका पिछले दिनों मीडिया में दिया गया वह बयान सच साबित हुआ जिसमें उन्होंने कहा था कि टिकट मैं जेब में लेकर चलता हूं। अब उनका प्रयास हैट्रिक लगाने को होगा।
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की 51 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर दिया। इसमें अकबरपुर लोकसभा सीट भी है और दो बार से सांसद देवेन्द्र सिंह भोले पर एक बार फिर विश्वास जताया गया है। सांसद भोले को टिकट मिलते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तो वहीं आधा दर्जन उन राजनेताओं को मायूसी मिली जो कई महीने से चुनाव की तैयारी में जुटे हुए थे।
सांसद भोले ने कहा कि तीन दशक से पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का सही से निर्वहन करता आ रहा हूं। इसीलिए पार्टी ने एक बार फिर विश्वास किया है और जनता का भी आशीर्वाद है। मुझे पूरा विश्वास है कि तीसरी बार अकबरपुर की जनता मुझे जिताकर दिल्ली भेजेगी और तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/अजय/दीपक/प्रभात