[ad_1]

मेरठ, 19 फरवरी (हि.स.)। बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज में सोमवार को जंगल में एक युवक का अधजला शव बरामद हुआ। वहां से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस शव की पहचान के प्रयासों में जुटी है।
बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज में सोमवार को जंगल से कुछ लोग गुजर रहे थे तो उनकी निगाह वहां पड़े युवक के शव पर पड़ी। युवक का शव अधजला था। यह देखकर लोगों ने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया और शव के फोटोग्राफ पहचान के लिए आसपास के जिलों में भेजे हैं। फोरेंसिक टीम ने आसपास से कुछ नमूने साक्ष्य इकट्ठा किए। शव 30 वर्ष के युवक का प्रतीत हो रहा है। शरीर पर कोई चिन्ह, आभूषण बरामद नहीं हुआ। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के अनुसार, मेरठ से सटे जिलों में शव की पहचान के लिए फोटो भेजे गए हैं। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि किसी ने रात में हत्या करके शव यहां जलाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/बृजनंदन