[ad_1]

गुवाहाटी, 31 जनवरी (हि.स.)। आज असम कैबिनेट की हुई बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री जयंत माल्लबरुवा ने बताया कि कैबिनेट की बैठक में राज्य के पर्यटन उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए एक नया विधेयक लाने, शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक जल आपूर्ति योजनाओं को संचालित करने के लिए स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने, प्रमुख इन्फ्रा परियोजनाओं को मंजूरी देने समेत कई प्रस्ताव पारित किया गया।
गुवाहाटी में भीड़ कम करने के लिए, साइकिल फैक्ट्री जंक्शन पर एक फ्लाईओवर के निर्माण और गुवाहाटी-गढ़भांगा रोड पर लाल गणेश मार्केट तक इसके विस्तार के लिए 376.11 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई।
प्रस्तावित फ्लाईओवर लोखरा, सरूसजाई, आईएसबीटी, बेंतकुची, गरचुक, जालुकबाड़ी, लालगणेश और उदालबाकरा से शहर के केंद्र की ओर और वापस जाने वाले लोगों के लिए यातायात की भीड़ को कम करेगा।
पर्यटन उद्योग को पुनर्जीवित करने और बढ़ावा देने के लिए असम पर्यटन (विकास और पंजीकरण) विधेयक, 2024 को मंजूरी दी गई।
इनके साथ ही ग्राम सभाओं के प्रावधानों को हटाने हेतु अनुमोदन दिया गया। राभा हसोंग स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024, सोनोवाल कचारी स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024, देउरी स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024, ठेंगाल कछारी स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024, तिवा स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024, ग्राम परिषद के प्रावधान को हटाने और मौजूदा अधिनियम के अनुसार एसटी प्रतिनिधित्व के अनुपात को बनाए रखते हुए सामान्य परिषद की ताकत बढ़ाने के लिए मिसिंग स्वायत्त परिषद (संशोधन) विधेयक, 2024 को मंजूरी, शहरी आबादी को जल आपूर्ति सुनिश्चित करना, शहरी सार्वजनिक जल आपूर्ति (पीडब्ल्यूएस) योजनाओं के उचित रखरखाव और संचालन को सुनिश्चित करने के लिए, नगर पालिकाओं में स्थित ऐसी योजनाओं को पीएचईडी से शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में स्थानांतरित किया जाएगा जो अब से ऐसी योजनाओं का संचालन और रखरखाव करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद