[ad_1]

-महिलाओं और रामभक्तों ने लगाए जय श्रीराम के नारे
-जगह-जगह रामभक्तों ने भंडारे आयोजित कर बांटा प्रसाद
हमीरपुर, 22 जनवरी (हि.स.)। भाजपा के नगर इकाई ने जिला अस्पताल रोड पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर विशेष पूजा कराई। यहां राम दरबार लगाकर सुन्दरकांड पाठ का आयोजन कराया गया, फिर शाम तक भंडारा आयोजित कर आम लोगों को प्रसाद बांटा गया। शहर में श्रीराम की शोभायात्रा भी धूम धड़ाके साथ निकाली गई। शाम तक सड़कों पर जय श्रीराम के नारे लगते रहे।
हमीरपुर शहर के अस्पताल रोड पर भाजपा के नगर अध्यक्ष लक्ष्मी रतन साहू ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर सुन्दरकांड का पाठ कराया। पूजा में बड़ी संख्या में रामभक्तों ने भाग लिया। दोपहर बाद भंडारे का आयोजन कराकर आम लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। शहर के पटकाना मुहाल में प्राचीन शिव मंदिर में सुन्दरकांड का पाठ कराकर लोगों को प्रसाद बांटा गया। मंदिर में मां दुर्गा, पार्वती, गौरादेवी व श्रीराम भक्त हनुमान की प्रतिमा विराजमान है। धर्मेन्द्र दीक्षित ने मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर धार्मिक अनुष्ठान कराया जिसमें पड़ोस के तमाम लोग शामिल हुए।
शाम को श्रीराम की शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ सड़कों पर निकाली गई। शोभायाभा में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे जय श्रीराम के नारे लगाते चल रहे थे। शोभायात्रा शहर के नौबस्ता, रहुनियां, कालपी चौराहा, बस स्टाप, सुभाष बाजार समेत पूरे नगर में धूमधाम से निकाली गई। इसके अलावा खंडेह गांव में एतिहासिक राम जानकी मंदिर में भी आज विशेष पूजा अर्चना का दौर चलता रहा। वहीं विदोखर गांव में राम जानकी मंदिर में आज रात दो दिवसीय रामलीला शुरू होगी। यहां दिन भर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर भजन कीर्तन का दौर चलता रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित