[ad_1]

उत्तर दिनाजपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। तेल टैंकर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना मंगलवार को इस्लामपुर बाईपास संलग्न अलीगंज इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग की है। मृतक का नाम हरेन किस्कू (35) है। वह इस्लामपुर के अलीगंज डांगी इलाके के रहने वाले थे।
सूत्रों के अनुसार उक्त व्यक्ति साइकिल से अलीगंज से गुजरिया जा रहा था। तभी पीछे से एक तेल टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उक्त शख्स सड़क पर गिर गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन वे एम्बुलेंस के आने का इंतजार करते रहे। इलाज में देरी की वजह से उक्त घायल शख्स की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने करीब आधे घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर पुलिस की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया। सूचना पाकर इस्लामपुर थाने के आईसी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को सामान्य किया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन /गंगा