[ad_1]

– कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगी अन्तरराष्ट्रीय स्तर प्रदर्शनी
इंदौर, 20 जनवरी (हि.स.)। विश्व वेटलैंड दिवस पर आगामी दो फरवरी को इंदौर के सिरपुर वेटलैंड कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। आयोजित हो रहे मुख्य कार्यक्रम की समीक्षा के लिए शनिवार को राज्य स्तरीय गठित समिति की बैठक पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मप्र राज्य वेटलैंड प्राधिकरण के कार्यपालन संचालक एवं सदस्य सचिव मुजीबुर्रहमान खान, नगर पालिक निगम आयुक्त हर्षिका सिंह, मुख्य वन संरक्षक इन्दौर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। म.प्र. शासन का पर्यावरण विभाग सह-आयोजक है। म.प्र. राज्य वेटलैंड प्राधिकरण, एप्को, राज्य स्तर पर नोडल एजेंसी है तथा नगर निगम इंदौर इस आयोजन की क्रियान्वयन संस्था है।
प्रमुख सचिव, पर्यावरण विभाग एवं समिति के अध्यक्ष गुलशन बामरा ने सभी सदस्यों से परिचय प्राप्त किया एवं सभी सदस्यों से अपनी विभागीय क्षमताओं एवं सम्पादित गतिविधियों अनुसार सहयोग करने एवं इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु दायित्वों के निर्वहन के संबंध में चर्चा की। चर्चा उपरांत गुलशन बामरा द्वारा गतिविधियों के आयोजन हेतु पृथक-पृथक उप समितियां गठित करने हेतु निर्देशित किया गया। समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम आयोजन हेतु गठित होने वाली समस्त उप-समितियों में नगर निगम इंदौर, राज्य वेटलैंड प्राधिकरण एप्को एवं भारत सरकार वेटलैंड डिवीजन को आवश्यकतानुसार सदस्य के रूप में रखा जाये। उन्होंने मत्स्य विभाग, नगर निगम, म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों को कार्यक्रम में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी लगाने के भी निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा