[ad_1]

श्रीनगर, 23 फरवरी (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को श्रीनगर के राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में नए गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन किया। उन्होंने एनआईटी प्रबंधन, संकाय सदस्यों और छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी बेटियां विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित-एसटीईएम शिक्षा में बाधाओं को तोड़ रही हैं। वे नवाचार और उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने के लिए तैयार हैं।
उपराज्यपाल ने उद्योग की मांगों को पूरा करने के लिए विशेष कार्यबल विकसित करने पर जोर दिया, जो स्थानीय चुनौतियों को हल करने में भी सक्षम होना चाहिए। उपराज्यपाल ने कहा कि आज एनआईटी जैसे संस्थानों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी नवप्रवर्तकों की नई पीढ़ी तैयार करना है। हमें देश में इनोवेशन इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए अमृत काल में इनोवेशन-संचालित अर्थव्यवस्था विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उपराज्यपाल ने संकाय सदस्यों से छात्रों के भविष्योन्मुखी क्षमता निर्माण और शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच तालमेल को मजबूत करने के लिए अनुकूल माहौल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें एसटीईएम – विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित पाठ्यक्रमों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी भी सुनिश्चित करनी चाहिए। एनआईटी में उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के शैक्षिक परिदृश्य में आए बदलाव को भी साझा किया।
उन्होंने कहा कि आज हमारे शिक्षण संस्थान अत्याधुनिक शिक्षण कार्यक्रमों के केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रतिभाशाली युवाओं को विविध क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध कराए जाने से हम वास्तव में भविष्य में वैश्विक ज्ञान अर्थव्यवस्था पर हावी हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज जिस अत्याधुनिक छात्रावास का उद्घाटन किया गया वह परिसर में छात्राओं को आवासीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस मौके पर प्रो. ए. रविंदर नाथ निदेशक एनआईटी, विधि कुमार बर्डी आईजीपी कश्मीर, श्रीनगर के उपायुक्त डॉ. बिलाल मोहि-उद-दीन भट और एनआईटी श्रीनगर के संकाय सदस्य उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/सुनीत