[ad_1]

कानपुर,15 फरवरी(हि.स.)। बिधनू थाना क्षेत्र के खेरसा गांव में मारूति भट्टे के बरामदे में गुरुवार को एक युवक का शव मिला। सूचना पर सक्रिय पुलिस ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस कहना है कि प्रथम दृष्टया मृत्यु की वजह शराब के नशे में छत से गिरकर मौत होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त घाटमपुर रंजीत कुमार ने बताया कि बिधनू के खेरसा गांव से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव लहूलुहान पड़ा हुआ है। इस सूचना पर बिधनू थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया। पुलिस के अथक प्रयास के बाद उसकी शिनाख्त खेरसा गांव निवासी राजपूत उर्फ रफी पासवान(40) पुत्र स्वर्गीय हीरालाल पासवान के रूप में की गई। इस दौरान खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस कहना है कि प्रथम दृष्टया मृतक राजपूत उर्फ रफी पासवान अपने घर के बगल में मारुति भट्ठा के बरामदे के जीने से शराब के नशे में गिर गया और उसकी मौत हो गई है। शव को पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। हालांकि अभी तक कोई तहरीर परिवार के लोगों ने नहीं दी है। यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिर भी घटना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/राजेश