[ad_1]

कांकेर, 30 जनवरी(हि.स.)। जिले के चारामा थाना क्षेत्र के दो सगे भाइयों से स्वास्थ्य विभाग में वार्ड ब्वाय की नौकरी दिलाने के नाम पर 70 हजार की ठगी करने वाले आरोपित धीरज घोडेसवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित धीरज घोडेसवार को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर आज मंगलवार को चारामा थाना में कार्यवाही उपरांत न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी चारामा निवासी चंदन सिन्हा ने चारामा थाने में मामले की शिकायत में बताया कि उसकी व उसके भाई दीपचन्द सिन्हा की पहचान मार्च 2023 में ममता नगर राजनांदगाव निवासी धीरज घोडेसवार से हुई थी। आरोपित धीरज ने बड़े नेताओं से पहचान होने की बात कही और मंत्रालय के अधिकारियों के जरिए स्वास्थ्य विभाग में वार्ड ब्वॉय में होने वाली भर्ती में नौकरी के लिए रुपये मांगे। ठग की बातों में आकर दोनों भाइयों ने ऑनलाइन 70 हजार रुपये ट्रांजेक्शन कर दिए। रुपये लेने के बाद आरोपित ने दोनों भाइयों से संपर्क तोड़ लिया। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित ने शिकायत की, जिस पर चारामा पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश कर रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार/राकेश पांडे