[ad_1]

जींद, 23 जनवरी (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय में मंगलवार को प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर को लेकर सदा राजनीति करती आई है। अयोध्या में राम मंदिर ना बन सके इसके लिए कांग्रेस ने बड़े-बड़े वकील खड़े किए। भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली भी कांग्रेस है। भगवान राम 140 करोड़ लोगों की आस्था का केंद्र है और दुर्भाग्य की बात है कि कांग्रेस आस्था के साथ भी राजनीति कर रही है। वे यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कही।
एक सवाल का जवाब देते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि एक मंच पर जो इकट्ठे नहीं बैठ सकते वह कांग्रेस के नेता प्रदेश को एकजुट कैसे रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दो धड़ों में बंटी हुई पार्टी है। जब-जब भी कांग्रेस की सरकार आती है तेजी से भ्रष्टाचार बढ़ता है। कांग्रेस कुर्सी के लिए झूठ बोल कर जनता को भ्रमित करने में लगी हुई है। सैनी ने कहा कि कांग्रेस को आम जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। चुनाव 2024 पर पूछे गए सवाल पर सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरित होकर देश की सेवा कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को पसंद करती है। 500 वर्षों के बाद भारत की जनता का सपना पूरा हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 मोदी सरकार ने खत्म की है। हमारे लिए गौरव की बात है कि भगवान राम के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रधानमंत्री मोदी देश को विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। देश की जनता भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहती है। सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए तैयार है। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल योजनाबद्ध तरीके से हरियाणा का विकास कर रहे हैं। प्रदेश की जनता मनोहर सरकार की नीतियों से प्रभावित है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल शासन किया, झूठी घोषणाओं के जरिए मतदाताओं को ठगा है। कांग्रेस ने किसानों का कभी हित नहीं सोचा। फसल खराब होने पर कांग्रेस सरकार में दो रुपये से पांच रुपये के चेक मिलते थे। नायब सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार किसान हितैषी सरकार है। मोदी-मनोहर सरकार ने किसानों के हितों के लिए अनेकों योजनाएं बनाई जिससे किसान समृद्ध हो रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव