[ad_1]

आईएएस पीके दास ने बिजली निगमों के चेयरमैन पद छोड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर के तीन मीडिया को-आर्डिनेटर हटाए गए
चंडीगढ़, 15 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल अपनी सेवानिवृत्ति से ठीक पहले अवकाश पर चले गए हैं। सरकार ने उनकी लंबी छुट्टी को स्वीकार करते हुए गृह सचिव टीवीएसएन प्रसाद को मुख्य सचिव का कार्यभार सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार कौशल अब सेवानिवृत्ति के बाद ही लौटेंगे। संजीव कौशल के स्थान पर अब सरकार 1988 बैच के आईएएस टीवीएसएन प्रसाद हरियाणा के मुख्य सचिव होंगे। प्रसाद इस समय हरियाणा के गृह सचिव हैं। सरकार ने उन्हें वर्तमान प्रभार के साथ-साथ गृह सचिव का प्रभार भी सौंप दिया है।
इस बीच सेवानिवृत्त आईएएस पीके दास ने भी आज बिजली निगमों के चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया है। दास 1986 बैच के पूर्व आईएएस हैं। सेवानिवृत्त होने के बाद मनोहर सरकार ने उन्हें बिजली निगमों के चेयरमैन पद पर तैनात किया गया था। जहां से आज उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया।
हरियाणा में आज दिनभर कार्यभार बदलाव का दौर चला है। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के ओएसडी रहे कमलेश कुमार भादू को भी इस पद से मुक्त कर दिया गया। वर्ष 2002 बैच के एचसीएस अधिकारी भादू को अब सरकार ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में जोन स्तर पर मीडिया को-आर्डिनेटर नियुक्त किए थे। अब मुख्यमंत्री के बदलते ही मीडिया को-आर्डिनेटर को रिलीव कर दिया गया है। शुक्रवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव वी उमाशंकर की ओर जारी आदेशों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से करनाल में कार्यरत मीडिया को-आर्डिनेटर जगमोहन आनंद, पानीपत के मीडिया को-आर्डिनेटर रणदीप घनघस और रोहतक के मीडिया को-आर्डिनेटर राजकुमार कपूर को पद मुक्त कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील