[ad_1]

झाबुआ, 27 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल शनिवार शाम झाबुआ प्रवास पर ग्राम खेड़ी आए। यहां उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभांश वितरण पत्र वितरण किए, साथ ही ग्राम देवझिरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर वहां पौधारोपण किया।
राज्यपाल ने ग्राम खेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बद्दू मालजी मेड़ा को आयुष्मान कार्ड लाभ का वितरण किया गया। बद्दु ने जायडस अस्पताल दाहोद में इलाज करवाया था जहां आयुष्मान कार्ड के द्वारा उनके इलाज में हुए खर्च का पूरा भुगतान किया गया। इसी प्रकार ग्राम खेड़ी की ही काली गणावा के हाथ में फ्रैक्चर होने पर उनके द्वारा भी आयुष्मान कार्ड योजना के तहत ही इलाज में हुए खर्च का भुगतान वितरण राज्यपाल द्वारा उन्हें किया गया। इसके साथ ही गांव की बालिका सुश्री शिवानी बारिया एवं अंजलि गुण्डीया को सिकल सेल कार्ड का वितरण किया गया। राज्यपाल द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत छोटी बालिका रेणुका बारिया को आश्वासन पत्र भी दिया गया, जबकि उज्ज्वला योजना अंतर्गत अंजली राज गुंडिया को गैस कनेक्शन का वितरण किया गया।
राज्यपाल द्वारा राणापुर निवासी गीता प्रजापत को मोटरेज ट्राइसिकल वितरित की गई। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के द्वारा किए जा रहे हेल्थ चेकअप कैंप का निरीक्षण भी किया।
राज्यपाल मंगू भाई पटेल द्वारा शनिवार शाम ग्राम देवझिरी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। राज्यपाल द्वारा ग्राम देवझिरी में दर्शन एवं पूजा की गई एवं मंदिर के परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान केबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद गुमान सिंह डामोर, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश