[ad_1]

फतेहाबाद, 23 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल नरवाल ने बताया कि जिले के नागरिकों की सुविधा व लोकसभा चुनाव के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नंबर 01667-230013 है। यह 24 घंटे व सातों दिन कार्य करेगा। कोई भी मतदाता एवं आम नागरिक कंट्रोल रूम में लोकसभा चुनाव के संबंध में जानकारी ले सकता है। इस कंट्रोल रूम का जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रविंद्र दलाल को नोडल अधिकारी व जिला एमएसएमई के सहायक निदेशक गुरप्रताप सिंह को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उपायुक्त नरवाल ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनावों की तिथियों की घोषणा कर दी गई है, जिसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का पूर्ण ईमानदारी से पालन करें। चुनाव संबंधी किसी भी प्रकार की कोई सहायता व शिकायत के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 01667-230013 पर संपर्क कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इसके अलावा प्रशासन द्वारा लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर-1950 भी जारी किया गया है। इसलिए अगर किसी मतदाता को चुनाव से संबंधित कोई भी जानकारी लेनी है या देनी है तो वह हेल्पलाइन नंबर-1950 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों व आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वतंत्र निष्पक्ष, स्वच्छ व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन को अपना पूर्ण सहयोग दें।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/वीरेन्द्र