[ad_1]

जबलपुर, 17 फ़रवरी (हि.स.)। एक टोल नाके पर देर रात लखनादौन के कुछ लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सभी श्रद्धालु नर्मदा जयंती के अवसर पर शुक्रवार देर रात नर्मदा दर्शन कर वापस लौट रहे थे। तिलवारा थाने के सिवनीटोला नाके पर श्रद्धालुओं से गुंडा टैक्स मांगा गया। नहीं देने पर बेल्ट से पीटा गया और महिलाओं से भी मारपीट की गई। पुलिस मारपीट करने वालों की तलाश कर रही है।
सिवनी जिले के लखनादौन से मिनी ट्रक में श्रद्धालु जबलपुर आए थे। गौरीघाट से वापस जाते समय तिलवारा थाने के सिवनीटोला नाके पर उनकी गाड़ी को रोक लिया गया। लखनादौन के धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सिवनी टोल नाका अवैध है। यहां पर हमें रोक कर पैसा मांगा गया। किसी खरे नाम के व्यक्ति ने फोन कर 8 से 10 बदमाशों को बुलवाकर हमें पिटवाया। घटना में चार महिलाएं और दो पुरुष को चोट आई है। घटना की शिकायत देर रात तिलवारा थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश