[ad_1]
भोपाल, 15 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से बुरहानपुर सिंधी कपड़ा मार्केट के दंगा पीड़ित दुकानदारों के व्यवस्थापन के लिए तीन करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। उन्होंने बुरहानपुर के कलेक्टर को उक्त राशि का संबंधित पीड़ित दुकानादारों को शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस के नेतृत्व में सिंधी कपड़ा मार्केट के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को दुकानों के निर्माण के लिए शासन से सहायता स्वरूप अनुदान राशि देने की मांग रखी थी।
उल्लेखनीय है कि सिंधी कपड़ा मार्केट बुरहानपुर के अग्नि पीड़ित दुकानदारों को दुकानें दिलाने के लिए विधायक अर्चना चिटनिस निरंतर प्रयासरत थीं। इस निर्णय से बुरहानपुर के व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विधायक अर्चना चिटनिस, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, महापौर माधुरी पटेल, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा व्यापारियों ने राशि स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश