[ad_1]
सिरसा, 12 मार्च (हि.स.)। शादी के 12 दिन बाद ही पति-पत्नी कानूनी पचडे़ में फंस गए हैं। दोनों ने अपनी शादी में बंदूक से हर्ष फायरिंग की थी। इसका वीडियो पुलिस के पास पहुंचा तो अब नव दंपती (पति-पत्नी) के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। खास बात है कि दूल्हे के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना बड़ागुढ़ा पुलिस का कहना है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार सिरसा के गांव बुढ़ाभाणा में 29 फरवरी 2024 को अंग्रेज सिंह उर्फ गेजू की शादी थी। इस दौरान खुशी में झूमते हुए दूल्हे अंग्रेज सिंह ने अपनी पत्नी राजविंद्र कौर के साथ बंदूक से हवा में हर्ष फायरिंग की। हर्ष फायरिंग का ये वीडियो बड़ागुढ़ा पुलिस थाने में तैनात सिक्योरिटी एजेंट एएसआई सुखविंद्र सिंह ने व्हाट्सएप ग्रुप में देखा। इसके बाद उन्होंने वीडियो के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
एएसआई सुखविंद्र सिंह को पता लगा कि हर्ष फायरिंग करने वाला गांव बुढ़ाभाणा का अंग्रेज सिंह उर्फ गेजू व उसकी पत्नी राजविंद्र कौर हैं। दोनों ने 29 फरवरी को अपनी शादी में हवा में बंदूक से फायरिंग की थी। इसके बाद सिक्योरिटी एजेंट सुखविंद्र सिंह ने बड़ागुढ़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में सिक्योरिटी एजेंट सुखविंद्र सिंह का कहना है कि शादी में दूल्हा-दुल्हन ने हवा में जिस प्रकार हर्ष फायरिंग की, उससे आमजन की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मदन का कहना है कि आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ आईपीसी की धारा 285 व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/सुमन/संजीव