[ad_1]

हिसार, 26 फरवरी (हि.स.)। हांसी में झगड़े में बहन की लड़की को छुड़वाने गई एक महिला पर हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घायल महिला को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन सिसाय पुल निवासी सज्जो देवी ने बताया कि उसकी बहन की लड़की की शादी उसके पड़ोस में कर रखी है। सोमवार सुबह उसका पति उसकी पिटाई कर रहा था और वह उसे छुड़वाने गई तो उसके पति व उसके परिवार के सदस्यों ने डंडों से उसके हाथ, कमर तथा सिर वार किए। सज्जो ने बताया कि सिर में डंडा लगने के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद उसकी बेटी मोरनी उसे वहां से उठाकर उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में लेकर आई। यहां पर डॉक्टर ने सिर पर पट्टी की और भर्ती किया। सज्जो ने बताया कि उसका या उसके परिवार का उनसे कोई वैर नहीं था। वह वहां सिर्फ बहन की बेटी को छुड़वाने गई थी और जब वह उसे छुड़वाने लगी तो उसके पति और उसके परिजनों ने उस पर ही हमला कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव