[ad_1]

हिसार, 15 मार्च (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने एक्स्ट्रा लोन दिलाकर 9 लाख 44 हजार 102 रुपए की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सिरसा की परमार्थ कॉलोनी निवासी राम कुमार और सिरसा के शाहपुर बेगू निवासी रीतू शामिल हैं।
जांच अधिकारी पवन कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इस संबंध में हिसार निवासी एक अध्यापक ने 9 लाख 44 हजार 102 रुपए की ठगी के बारे में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि मार्च 2023 में उसके पास सोनिया संधू नामक महिला का फोन आया और उसने लोन की आवश्यकता के बारे पूछा। इस पर शिकायतकर्ता ने साढ़े 5 लाख रुपए के लोन की जरूरत बताई। सोनिया संधू ने शिकायतकर्ता की सैलेरी स्लिप ली और उसका लोन अप्लाई करवा दिया।
30 मार्च को शिकायतकर्ता के बैंक अकाउंट में लोन के 14 लाख 94 हजार 101 रुपए डाल दिए। इस पर शिकायतकर्ता ने महिला को फोन कर कहा कि उसे तो सिर्फ साढ़े पांच लाख रुपए ही लोन चाहिए था। इस पर महिला ने कहा कि विकास जांगड़ा नाम का एक व्यक्ति आपके पास आएगा और आप अमाउंट भरकर दो चेक पर सिग्नेचर कर उसे दे देना। लोन की ज्यादा आई अमाउंट वापस हो जाएगी। इस पर शिकायतकर्ता ने महिला के कहे अनुसार विकास जांगड़ा नामक व्यक्ति को दो चेक में 9 लाख 44 हजार 102 रुपए की अमाउंट भरकर, उस पर सिग्नेचर कर उसे दे दिए।
शिकायत के अनुसार 11 और 15 अप्रैल 2023 को शिकायतकर्ता के बैंक अकाउंट से दो बार में 9 लाख 44 हजार 102 रुपए ट्रांसफर हो गए। पैसे ट्रांसफर होने के बाद भी बैंक शिकायतकर्ता के लोन अकाउंट में 15 लाख परुये का लोन दिखा रहा था। इस पर शिकायतकर्ता को ठगी का शक हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दी।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर 20 नवंबर 2023 को केस दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपी रीतू ने शिकायतकर्ता के पास आईसीआईसीआई बैंक की कर्मचारी सोनिया संधू बनकर फोन किया था। इस मामले में पहले एक आरोपी चेतन कुमार को गिरफ्तार किया जा चुका है जो शिकायतकर्ता के पास विकास जांगड़ा बनकर गया और उससे दो चेक लेकर आया था। आरोपी राम कुमार भी चेतन के साथ शिकायतकर्ता से चेक लेने गया था जो चेक बाद में परमजीत कौर के अकाउंट में जमा करवाए गए। आरोपी रीतू को पूछताछ अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है जबकि राम कुमार को आगामी पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/सुमन