Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

आधा दर्जन पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज
हिसार, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले के गांव मंगाली सुरतिया निवासी जेबीटी टीचर की आत्महत्या मामले में पुलिस ने छह आरोपितों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। मृतक के शव का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि मंगाली सुरतिया में रहने वाले जेबीटी टीचर ने फसल बीमा धोखाधड़ी मामले में 20 लाख रुपए मांगे जाने पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जेबीटी टीचर राजेंद्र का नाम धोखाधड़ी मामले में आया था। वह अग्रिम जमानत पर था लेकिन इस मामले में अन्य आरोपी उस पर 20 लाख रुपए देने का दबाव दे रहे थे। आजाद नगर थाना पुलिस ने मृतक के साले सदलपुर निवासी विकास की शिकायत पर विनोद, सतपाल, साहिल, विक्की, रामकिशन व विरेंद्र उर्फ काला के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
सदलपुर निवासी विकास ने पुलिस को बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसकी बहन कविता की शादी वर्ष 2004 में मंगाली सुरतिया के राजेन्द्र के साथ हुई थी। उसका जीजा राजेन्द्र जेबीटी मास्टर के पद पर गांव हरिकोट में लगा हुआ था। उसके जीजा की जानकारी हरिकोट निवासी विनोद व सतपाल से हुई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद विनोद व सतपाल ने जीजा को गांव रोहनात में फसल बीमा करवाने के बारे में कहा। फिर जीजा राजेंद्र ने सतपाल व विनोद को अपने साथ लगे जेबीटी टीचर देवेन्द्र से मिलवाया। फिर विनोद व सतपाल ने फर्जी कागजात तैयार करके फसल बीमा किसानों से वसूल लिया। किसानों ने इस मामले में बवानीखेडा थाना में पिछले वर्ष 26 अप्रैल को धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस मामले में पुलिस ने विशाल नाम के युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान विशाल ने सतपाल, विनोद व राजेन्द्र का नाम पुलिस को बताया। इस केस में उसके जीजा राजेंद्र ने हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत करवा ली और गत 23 जनवरी को पुलिस ने सतपाल, विनोद व मंगल को इस मामले गिरफ्तार कर लिया।
शिकायतकर्ता विकास ने बताया कि उसके जीजा जमानत पर बाहर आ गए थे। इस मामले में गिरफ्तार सतपाल और विनोद ने उसके जीजा को उनकी जमानत कराने के लिए कहा परंतु जीजा राजेंद्र ने मना कर दिया। उसके बाद उसके जीजा पर सतपाल व विनोद के कहने पर उसका भतीजा साहिल, विक्की, हरिकोट निवासी रामकिशन व विरेन्द्र उर्फ काला ने 20 लाख रुपये देने का दबाव बनाया। आरोपितों ने पैसे देने के लिए उसके जीजा राजेंद्र को परेशान किया, जिससे तंग आकर उसके जीजा ने अपने घर जहर खा लिया। उसे गंभीर हालत में हिसार के निजी अस्पताल में लाया गया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर