[ad_1]


-विकसित भारत संकल्प पत्र अभियान की सूरत में लांचिंग
सूरत, 6 मार्च (हि.स.)। गुजरात में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आआपा) के गठबंधन पर राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लव और हेट दोनों नजर आ रहा है। संघवी ने कहा कि देश की नागरिकों की सरकार मोदी सरकार है। देश के लोगों ने मन बना लिया है कि वे इस बार एक नया इतिहास लिखेंगे।
संघवी बुधवार को सूरत शहर भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा की विकसित भारत संकल्प पत्र 2024 की लाॅन्चिंग की। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कई राजनीतिक सवालों का जवाब भी दिया। संघवी ने कहा कि गुजरात में राहुल गांधी के आने की चिंता कांग्रेस की है। वे ही इसकी फिक्र करें। आआपा के साथ कांग्रेस के गठबंधन पर उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लव और हेट सामने आने लगा है। भरुच सीट के लिए इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि टिकट की घोषणा के साथ ही वहां से कई तरह की बातें आने लगी है। विकसित भारत संकल्प पत्र के बारे में उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली में इसकी लाॅन्चिंग की है। इसके तहत देश के 1 करोड़ लोगों से सुझाव लेकर पार्टी का संकल्प पत्र (घोषणा पत्र) बनाया जाएगा।
संघवी ने कहा कि अब तक 37 प्रदेशों में मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने इस अभियान की शुरुआत कराई है। गुजरात में भी प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने इसकी शुरुआत कराई है। सूरत में आज इसकी शुरुआत कराई जा रही है। संघवी ने कहा कि कार्यकर्ता सभी बूथों पर प्रवास करेंगे। घर-घर जाकर लोगों से संकल्प पत्र के संबंध में सुझाव लिए जाएंगे। कॉलेज, शैक्षणिक संस्थाओं में भी सम्पर्क किया जाएगा। इसके अलावा एक लोकसभा क्षेत्र में दो एलईडी रथ के जरिए लोगों के सुझाव एकत्रित किए जाएंगे। जिला और विधानसभा क्षेत्र में छोटी-छोटी बैठकों के जरिए लोगों के सुझाव लिए जाएंगे। डिजिटल माध्यम का भी उपयोग कर सुझाव संग्रहित किए जाएंगे। पार्टी की ओर से एक मिस्ड कॉल नंबर 9090902024 जारी किया गया है, इस पर मिस्ड कॉल कर लोग अपने सुझाव दे सकते हैं। इस अवसर पर पार्टी के बारडोली लोकसभा सीट के उम्मीदवार सांसद प्रभु वसावा, शहर भाजपा प्रमुख निरंजन झांझमेरा, डॉ जगदीश पटेल, किशोर बिंदल समेत अन्य अग्रणी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/सुनील