[ad_1]

कानपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। महाराजपुर थाना की पुलिस ने मंगलवार को हार्डवेयर व्यापारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि महाराजपुर के प्रेमपुर में हार्डवेयर व्यापारी मनीष की हत्या मामले के मुख्य आरोपित शिवम कुशवाहा और उसके पिता राम सिंह कुशवाहा एवं एक अन्य नामजद आरोपित अनुज को पुलिस टीम ने सोमवार की आधी रात को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान शिवम कुशवाहा ने बताया कि उसके छोटे भाई को स्कूल से निकलने के बाद मनीष और उसके पिता ने उसके पिता को काफी बेइज्जती की थी। जबकि व्यापारी के परिवार के लोगों ने हत्या की वजह पैसे की लेनदेन बताया है। मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे मनीष के शव का नागापुर गंगाघाट पर पुलिस सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बता दें की सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर काफी हंगामा किया था। जिससे वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/दीपक/मोहित