[ad_1]

– सेवाभावी लोगों के सहयोग से गौशालाओं में मूलभूत सुविधाएं जुटाने पर जोर
– पीएम जनमन एवं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी हुई समीक्षा
ग्वालियर, 30 जनवरी (हि.स.)। जिले की गौशालाओं में यदि कहीं अतिक्रमण है तो संबंधित एसडीएम व्यक्तिगत रूचि लेकर अतिक्रमण हटवाएं। साथ ही संबंधित विभागों के सहयोग से गौशालाओं में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करें। इसे पूरी गंभीरता से लें। इसमें किसी प्रकार की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
यह निर्देश कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने मंगलवार को अंतरविभागीय समन्वय बैठक में दिए। उन्होंने खासतौर पर ग्रामीण अंचल की गौशालाओं से अतिक्रमण हटाने पर जोर दिया। जिला पंचायत के सभागार में हुई बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सेवाभावी लोगों को गौशालाएँ गोद दिलाएँ। साथ ही सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों का सहयोग गौशालाओं के संचालन में लें। जनभागीदारी से गौशालाओं में संसाधन जुटाने के लिये विशेष पहल की जाए। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि गौशालाओं में प्रशिक्षित गौसेवक रखें, जिससे गौवंश का तत्काल इलाज हो सके। उन्होंने कहा कि गौशालाओं के आस-पास विभागीय योजनाओं के तहत घास उत्पादन भी कराएं।
पीएम जनमन योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर सिंह ने विशेष जोर देकर कहा कि शेष सहरिया जनजाति परिवारों के आयुष्मान कार्ड, आधारकार्ड व समग्र आईडी बनाने का काम अभियान बतौर करें। साथ ही योजनाओं से वंचित शेष सभी सहरिया जनजाति के लोगों को जल्द से जल्द लाभान्वित कराना सुनिश्चित करें। इसमें जरा सी भी लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजाति कल्याण को निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय के लिये संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ अपने विभाग के कर्मचारियों की नामजद ड्यूटी लगाएँ। कलेक्टर ने सरकार के प्राथमिकता वाले अन्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की भी बैठक में समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार एवं अपर कलेक्टर अंजू अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी व जिले के एसडीएम उपस्थित थे।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैनात उड़नदस्ते पूरी मुस्तैदी से काम करें
कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने पांच फरवरी से शुरू होने जा रहीं माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाईस्कूल व हायर सेकेण्ड्री बोर्ड परीक्षाओं को पूर्णत: नकल रहित सम्पन्न कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा परीक्षाओं पर निगरानी रखने के लिये गठित किए गए उड़नदस्ते मुस्तैदीपूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने उड़नदस्तों के बीच गूगल मीट करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय पर पुलिस थाना पहुँचकर अपनी मौजूदगी में पूरी सुरक्षा के साथ प्रश्न-पत्रों को परीक्षा केन्द्र तक पहुँचाएँ। यह सुनिश्चित करें कि प्रश्न-पत्र के बॉक्स समय पर खुलें और निर्धारित समय पर परीक्षा कक्ष में पर्यवेक्षक को प्रश्न-पत्रों के लिफाफे दिए जाएँ और निर्धारित समय पर ही खोले जाएँ। परीक्षा संबंधी माध्यमिक शिक्षा मण्डल के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश